कुल्लू-चंडीगढ़ हाईवे पर औट के समीप बनाला में लगा जाम। हाईवे जाम होने से सेब और सब्जी से भरे वाह
कुल्लू। जिला कुल्लू से मंडी तक सफर काफी थकान भरा हो गया है। बरसात के चलते सड़क की स्थिति बदहाल है। मार्ग में लग रहा जाम लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। जाम के चलते नगवाईं से थलौट पहुंचना मुश्किल हो गया है। रोजाना जाम लगने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पनारसा से लेकर थलौट तक वाहनों की कतारें लग रही हैं। दूसरी ओर बजौरा-कमांद सड़क में पुलिस को यातायात सुचारु रखने में परेशानी आ रही है। बजौरा-कमांद सड़क में सुबह 5:00 बजे से लेकर शाम 4:00 बजे छोटे वाहनों की आवाजाही दोनों तरफ चल रही है जबकि बजौरा से कमांद सड़क पर शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक बड़े वाहन भेजे जाएंगे। कुछ दिन पहले नेशनल हाईवे कुल्लू और मंडी के बीच बंद था। वाहनों को बजौरा में तीन दिनों तक सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा था।
कुल्लू से मंडी की तरफ जाने वाले वाहन बजौरा से तो निकल रहे हैं लेकिन ये वाहन नगवाईं से लेकर थलौट तक जाम में फंस रहे हैं। पुलिस को जाम से निपटने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों की मांग है कि मंडी जाने वाले वाहनों की सिंगल लाइन बनाई जाए। इसके साथ ही पुलिस बाइक पेट्रोलिंग टीमें बनाकर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करे। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि कुल्लू-मंडी के बीच वाहनों की आवाजाही का समय निर्धारित किया गया है। बजौरा-कमांद सड़क में तय समय पर ही वाहन भेजे जाएंगे। सड़क की स्थिति को देखते हुए समय में बदलाव किया जा सकता है। संवाद