सैंज के देहुरीधार पंचायत में भारी बारिश से तबाह हुई मक्की की फसल।-संवाद
न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी की देहुरीधार पंचायत में मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। उफान पर आए नालों ने धाटा और गुहिड़ी वार्ड के बीच बनीं दो पुलियां बहा दीं, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच आवाजाही प्रभावित हो गई।
पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार बारिश से किसानों-बागवानों की भूमि, फसलें और पेड़-पौधों को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है। धाटा के समीप बहने वाले नाले में जलस्तर बढ़ने से ब्रह्मा देवता की सौह (मैदान) का करीब आधा हिस्सा बहकर क्षतिग्रस्त हो गया।
कई किसानों की कृषि भूमि और बागवानी क्षेत्र भी नाले के बहाव के चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशन चंद के घर के पास सुरक्षा डंगा गिर गया, जबकि एनु राम की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। बारिश का असर सड़क संपर्क पर भी पड़ा।
न्यूली-शैंशर मार्ग पर रौह के पास कलवर्ट बंद होने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। इसके अलावा चिनाहिड़ी के नीचे मोड़ पर सड़क पर पत्थर और मलबा आने से यातायात में दिक्कतें पेश आईं।
देहुरीधार पंचायत की प्रधान तिला मणी, उपप्रधान निमत राम, सिंहण वार्ड पंच तापे राम और धाटा वार्ड पंच तीलम ने बताया कि दोनों नालों में अचानक आए उफान से क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है। पंचायत ने प्रशासन को नुकसान की सूचना देकर प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कराने और प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं प्रभावित किसानों और बागवानों ने भी प्रशासन से जल्द सर्वे कर राहत उपलब्ध कराने की अपील की है।