कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल में सोमवार को मरीजों की लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिलीं। एक दिन के अवकाश के बाद सोमवार को अस्पताल में 1,000 से अधिक मरीज उपचार करवाने पहुंचे। सभी ओपीडी में सुबह से शाम तक भीड़ रही, ऐसे में मरीजों को उपचार करवाने के लिए इंतजार करना पड़ा है। पंजीकरण काउंटर से लेकर ओपीडी तक घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ा।
दिन सोमवार, सुबह 08:15 बजे क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों की आवाजाही शुरू हुई। 08:30 बजे से पंजीकरण काउंटर पर पर्ची बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई। अस्पताल के मातृ-शिशु खंड में महिलाओं के पंजीकरण काउंटर पर देखते-देखते भीड़ उमड़ पड़ी। करीब 09:00 बजे तक सैकड़ों महिलाएं काउंटर पर पहुंचीं। पुरुष पंजीकरण काउंटर और ऑनलाइन काउंटर पर भी मरीजों की लाइन लगी। सभी ओपीडी में 09:30 बजे तक मरीजों की लाइनें लग गई। करीब 10:45 बजे तक ओपीडी में चिकित्सकों ने मरीजों का उपचार शुरू किया, लेकिन अधिक मरीज आने से परेशानी आई। सुबह 8:15 से शुरू हुई भीड़ शाम 04:30 बजे तक बनी रही। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश चंद ने कहा कि रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को काफी मरीज उपचार करवाने पहुंचे। सोमवार को 1,010 मरीजों का उपचार किया गया है।