मोबाइल चिकित्सा वाहन में जांच करवाता मरीज।
- फोटो : Kullu
कुल्लू/मनाली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र ने जिला वासियों विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिकों से घर-द्वार पर स्वास्थ्य जांच करवाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि चिकित्सक और पैरा मेडिकल सहित दवाइयों से लैस मोबाइल चिकित्सा वाहन आजकल जिले के गांवों में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है। लोग मोबाइल चिकित्सा यूनिट का समुचित लाभ उठाएं। डॉ. सुशील चंद्र मनाली में विश्व विकलांगता दिवस पर आयोजित शिविर में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति में विकलांगता हो तो तुरंत से इसकी जांच करवा लेनी चाहिए।
चिकित्सक विकलांगता जांच करके इसकी प्रतिशतता का प्रमाण पत्र व्यक्ति को देते है। यदि विकलांगता 40 प्रतिशत से अधिक है तो सरकार की कई योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए व्यक्ति पात्र हो जाता है। उन्होंने पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में यदि विकलांगता वाले कोई व्यक्ति हो तो उन्हें अस्पताल जाकर जांच करवाने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मोबाइल चिकित्सा यूनिट ने मनाली क्षेत्र में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान गंभीर बीमारियों सहित कोविड-19 की विशेषतौर पर जांच की जा रही है। इस बारे में लोगों को यूनिट की ओर से जागरूक भी किया जा रहा है। लोगों को कोरोना से बचाव के तौर तरीकों की जानकारी दी जा रही है। थैरेपी ऑन व्हील्स वाहन भी चिकित्सा वाहन के साथ जिला के दौरे पर है। किसी भी व्यक्ति को यदि फिजियोथैरेपी की जरूरत हो तो मौके पर यह वाहन इस सुविधा दे रही है।