कुल्लू। शहर में दूषित पानी के कारण लोगों के वायरल हेपेटाइटिस की चपेट में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने सोमवार शहर की पांच जगहों से पानी के सैंपल भरे हैं। जलशक्ति विभाग को पत्र लिखकर पानी की सप्लाई को चेक करने को कहा है। शहर के कई क्षेत्रों में वायरल हेपेटाइटिस के मरीज सामने आ रहे हैं।
बच्चों से लेकर महिला, पुरुष और बुजुर्ग वायरल हेपेटाइटिस की चपेट में आए हैं। अस्पताल की ओपीडी में पिछले चार से पांच दिनों में आठ से 10 मरीज पहुंच रहे है। अस्पताल में करीब 50 मरीज उपचाराधीन है। इसके अलावा कई मरीज निजी अस्पतालों में उपचार कर रहे हैं।
20 जुलाई को संवाद न्यूज एजेंसी के माध्यम से अमर उजाला में वायरल हेपेटाइटिस की चपेट में लोग, हर रोज आ रहे मामले शीर्षक के साथ खबर प्रमुखता से प्रकाशित की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और पूर्वाह्न 11 बजे के बाद विभाग की टीम ने अखाड़ा बाजार, सुल्तानुपर, ढालपुर और ग्रीन पीस कॉलोनी ढालपुर तथा अपर सुल्तानपुर में पेयजल सप्लाई से सैंपल लिए। सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया। जलशक्ति विभाग ने भी शहर को आने वाली दो पेयजल स्कीमों के साथ पानी के फिल्टर टैंक से चार सैंपल भरे हैं। जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद ठाकुर ने कहा कि पानी की जांच की जा रही है।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. रणजीत ठाकुर ने कहा कि अलग-अलग जगहों से सैंपल लिए गए हैं। जल शक्ति विभाग को भी पानी की सप्लाई को चेक करने के लिए पत्र लिखा गया है।