कुल्लू जिला के अतिदुर्गम गांव मझाण में स्वास्थ्य जांच शिविर में जांच करते डॉक्टर।-संवाद
सैंज/कुल्लू। जिला कुल्लू के अति दुर्गम क्षेत्र शाक्टी और मझाण में स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए। इस दौरान राजकीय उच्च पाठशाला मझाण और मिडिल स्कूल शाक्टी के विद्यार्थियों के साथ ही यहां के ग्रामीणों का भी स्वास्थ्य जांचा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम 15 किमी की चढ़ाई चढ़कर शाक्टी गांव तक पहुंची और यहां स्कूल में 50 विद्यार्थियों और शाक्टी, मरौड़ और शुगाड़ गांव के 32 लोगों का स्वास्थ्य जांचा। इस दौरान शुगर और बीपी के टेस्ट भी किए और जरूरतमंद लोगों को दवाइयां भी वितरित कीं। सैंज अस्पताल के डॉ. धनश्माम शर्मा ने इस दौरान गर्भवती महिलाओं को कंगारू मदर केयर के बारे में भी बताया।
वहीं, टीम दूसरे अति दुर्गम गांव मझाण में भी पहुंची और यहां डॉ. घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में नारायण सिंह, केहर सिंह और रक्षा चौहान की टीम ने मझाण स्कूल के 75 विद्यार्थियों और गांव के 60 लोगों का स्वास्थ्य जांच। इस दौरान जांच में तीन लोगों में शुगर और तीन का बीपी अधिक पाया गया है और उनको उपचार की सलाह दी तथा दवाइयां भी दी गई।
मीलों का पैदल सफर कर गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर लोगों के साथ स्कूलों के छात्र-छात्राओं के चेहरे में खुशी देखने को मिली। ग्रामीण तीर्थ राम, लगन चंद और धर्मपाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम आने से लोगों ने खुशी जताई और भविष्य में भी इस तरह के शिविर लगाने की मांग की है।