बंजार (कुल्लू)। बीआरसीसी कार्यालय बंजार के परिसर में सोमवार को चिल्ड्रन विद स्पेशल नीड्स कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और उनके अभिभावकों सहित उपमंडल के करीब 48 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
शिविर में डॉक्टरों की टीम ने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी दी। डॉ. ध्रुव, डॉ. उत्कृष्ट, डॉ. स्पर्श और डॉ. गीतांजलि ने सभी प्रतिभागियों की जांच की। इस दौरान बताया गया कि जिन बच्चों को सहायक उपकरणों की आवश्यकता है, उन्हें जांच के आधार पर उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे।
इनमें कृत्रिम अंग, विशेष जूते, घुटने के सहायक उपकरण और व्हीलचेयर सहित अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं। डॉक्टरों ने कहा कि प्रत्येक बच्चे की आवश्यकता का आकलन करने के बाद ही उसे उपयुक्त उपकरण दिया जाएगा। उन्होंने अन्य जरूरतमंद बच्चों और उनके अभिभावकों से भी ऐसे शिविरों में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंजार के उपप्रधानाचार्य नरेंद्र चौधरी, बीआरसीसी कार्यालय के कर्मचारी और अन्य लोग उपस्थित रहे। संवाद