कुल्लू। मणिकर्ण पंचायत के लपास क्षेत्र में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के कारण लपास नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इससे सड़कों और पैदल रास्तों को नुकसान पहुंचा और एक पर्यटक वाहन बह गया, जबकि भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर गुरुद्वारा साहिब के सामने पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक टैक्सी क्षतिग्रस्त हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार बस स्टॉप और टैक्सी स्टैंड के पास पर्यटक का वाहन पार्किंग स्थल पर खड़ा था, जिसे मलबा अपने साथ बहा ले गया। देर शाम तक वाहन का कोई पता नहीं चल पाया था। मलबे से बस स्टॉप और टैक्सी स्टैंड परिसर भी भर गया है, जबकि पार्किंग स्थल का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रामीण डोले राम और मान ठाकुर ने बताया कि लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के सभी नालों का जलस्तर बढ़ गया है। लपास गांव के साथ बहने वाले नाले में रातभर भारी मलबा आने से तेज गर्जना सुनाई देती रही, जिससे लोग पूरी रात दहशत में जागते रहे।
उन्होंने बताया कि नाला गांव के साथ लगने से लोगों को बस्ती में नुकसान की आशंका बनी रही। हालांकि गांव को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ लेकिन सड़क और पैदल रास्ते मलबे से प्रभावित हो गए हैं। लोगों को आवाजाही के लिए मलबे के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से क्षेत्र में टीम भेजकर नुकसान का आकलन करने और आवश्यक राहत कार्य शुरू करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि बलारगा के पीछे भूस्खलन हुआ है और आसपास के कई नाले भी उफान पर हैं।
मणिकर्ण पंचायत के प्रधान ठाकुर चंद ने बताया कि लपास में नुकसान होने की सूचना मिली है। एक वाहन के लापता होने की जानकारी भी मिली है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार वाहन में कोई व्यक्ति सवार नहीं था। अन्य नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बाल-बाल बचे चालक और यात्री
भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर गुरुद्वारा साहिब के सामने बुधवार दोपहर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से एक टैक्सी क्षतिग्रस्त हो गई। पत्थर टैक्सी के बोनट पर गिरने से वाहन को नुकसान पहुंचा लेकिन चालक और अन्य यात्री सुरक्षित रहे। बताया गया कि टैक्सी मणिकर्ण से भुंतर की ओर जा रही थी। गुरुद्वारा साहिब के सामने पहुंचते ही पहाड़ी से चट्टानें गिरने लगीं। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि हादसे में टैक्सी सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।