कुल्लू। गर्मियों में होने वाली पानी की दिक्कत को दूर करने के लिए जलशक्ति विभाग हैंडपंपों को दुरुस्त करेगा। पिरड़ी से लेकर भुंतर तक हैंडपंप दुरुस्त किए जाएंगे। जलशक्ति विभाग जल्द ही काम शुरू करेगा। हैंडपंपों के दुरुस्त होने से पानी की समस्या से राहत मिलेगी।
पिरड़ी से लेकर भुंतर तक मुख्य सड़क, अपर मौहल क्षेत्र, शुरढ़ और तेगूबेहड़ क्षेत्रों में जल शक्ति विभाग ने करीब 50 हैंडपंप लगाए हैं। इनमें कई हैंडपंपों में लाल रंग का पानी आता है। इनका उचित रखरखाव जरूरी होता है। जल शक्ति विभाग इन हैंडपंपों को पांच लाख रुपये से दुरुस्त करेगा।
जिले के निचले क्षेत्रों में प्राकृतिक बावड़ियां अब लगभग सूख चुकी हैं। ऐसे में हैंडपंप लोगों को काफी राहत प्रदान करते हैं। जब कभी पेयजल लाइनों में खराबी के चलते आपूर्ति बाधित होती है तो लोगों के पास हैंडपंप एकमात्र विकल्प होता है। इनका लोगों को लाभ मिल रहा है। हैंडपंप में आमतौर पर पानी सूखता नहीं है।
....
पिरड़ी से लेकर शुरढ़ तक हैंडपंपों का रखरखाव और मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके लिए विभाग प्रक्रिया अमल में ला रहा है। हैंडपंप दुुरुस्त होने से लोगों को पेयजल को लेकर किसी तरह की समस्या पेश नहीं आएगी।
-अमित कुमार अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग