मनाली (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनाली में युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रथम हेमंत गौड़ मेमोरियल बास्केटबाल प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया है।
फाइनल मुकाबले में हमीरपुर ने मनाली को 35 के मुकाबले 58 अंकों से हराया। सीसे स्कूल मनाली के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में दोनों टीमों को मेडल पहनाकर विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने सम्मानित किया।
हमीरपुर की विजेता टीम को ट्राफी के साथ 21,000 तथा मनाली की उपविजेता टीम को ट्राफी तथा 11,000 रुपये का नकद इनाम दिया गया। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने खिलाड़ियों को आगे भी खेलों में अपना बेहतर योगदान देने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। स्कूल प्रबंधन की मांग पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए स्टेज के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू करने के बारे में भी आश्वस्त किया।
बास्केटबाल तथा वाॅलीबाल कोर्ट पर कोटा स्टोन लगाने के बारे में प्रशासन को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर कांग्रेस नेता गौतम ठाकुर, राजेंद्र सिंह नेगी, दुर्गा दत्त, अनिल जोगी, राकेश सोनी, कैप्टन सुरेश लारजे, संतोष कुमार व अभिषेक ठाकुर उपस्थित रहे। संवाद