कुल्लू। ढालपुर रथ मैदान में मंगलवार को जिला ग्रामीण विकास परियोजना अभिकरण (डीआरडीए) के 10 दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने किया। सीपीएस ने उपायुक्त के साथ विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने मेले में पहुंचे सभी हस्तशिल्पियों का स्वागत किया। अब सरस मेले के माध्यम से यहां लोगों को कई राज्यों की हस्तशिल्प उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। स्वयं सहायता समूहों ने भी प्रदर्शनी लगाई है। कहा कि हिमाचल सरकार भी हस्तशिल्प और हथकरघा को प्रोत्साहित कर रही हैं। उनके संवर्धन के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं।
इसका हस्तशिल्प और हथकरघा से जुड़े लोगों को फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ढालपुर की मुख्य सड़क के यातायात को हर शाम सर्कुलर रोड से चलाया जाएगा। कुल्लू-भुंतर मुख्य सड़क को मालरोड के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां पर स्वयं सहायता समूह अपने उत्पाद बिक्री कर सकेंगे। इस दौरान उपायुक्त तोरुल एस रवीश, जिला ग्रामीण विकास परियोजना अधिकारी डॉ. जयवंती ठाकुर, अरण्यपाल कुल्लू संदीप शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत सहित आदि मौजूद रहे। संवाद