लारजी (कुल्लू)। आपदा के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए प्रदेश सरकार बंजार क्षेत्र के लोगों की भरपूर मदद कर रही है। वर्ष 2023 की आपदा से मिले जख्मों को भरने के लिए बंजार विधानसभा क्षेत्र को करीब 29 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की है। लारजी में जनसभा को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत में एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मिंया ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि इससे प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं पुनर्वास कार्य को गति मिली है। कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 142 करोड़ रुपये की लागत से 20 सड़कों का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी सड़कों की मेटलिंग का कार्य पूरा किया जाएगा। महिलाओं के सशक्तीकरण पर कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से दूध के दाम बढ़ाए जाने से ग्रामीण महिलाओं को घर बैठे रोजगार का अवसर मिला है। बंजार क्षेत्र में एक चिलिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिससे दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा। संवाद