एचआरटीसी ने किया कुल्लू-बागासराहन रूट पर ट्रायल
वीरवार से कुल्लू से आरंभ होंगे निगम के दो रूट
69 पंचायतों के साथ चार जिलों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। भारी बर्फबारी से बंद औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 स्थित जलोड़ी दर्रा होकर एचआरटीसी ने 50 दिन बाद बस का ट्रायल किया है। निगम ने बुधवार को कुल्लू से रामपुर बागासराहन को जाने वाली बस को जलोड़ी दर्रा होकर ट्रायल के लिए भेजा। बस की सफल आवाजाही होने से अब 21 मार्च से कुल्लू से निगम की दो बस सेवाएं शुरू होंगी। इनमें कुल्लू से सुबह 5:30 बजे चलने वाली कुल्लू-आनी-रामपुर-बागासराहन और इसके बाद सुबह 9:40 बजे कुल्लू-आनी-थनोग बस का नियमित रूप से संचालन किया जाएगा। बस सेवा से वाह्या सराज की 69 पंचायतों के साथ जिले के लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी। वहीं वाह्या सराज आनी-निरमंड की करीब 1.20 लाख आबादी ने राहत की सांस ली है। इसके अलावा स्पीति, किन्नौर, शिमला व मंडी के छतरी व करसोग आदि इलाकों का भी आवागमन आसान हो जाएगा।
भारी बर्फबारी से हाईवे-305 बसों के लिए बंद हो गया था। इसके बाद लगातार मार्च तक बर्फ के फाहे गिरते रहे और हाईवे बसों के लिए नहीं खुल पाया। एनएच ने करीब 10 किलोमीटर दायरे से मशीनरी व मजदूरों की मदद से बर्फ को हटा दिया गया है। अभी भी यहां सड़क किनारे तीन से चार फीट तक बर्फ की मोटी परत जमी है। खासकर जलोड़ी दर्रा से बड़ानाला तक अभी बस चालकों को सावधानी से बसों को संचालन करना होगा। इस जगह पर बर्फ जमने और ब्लैक आइस के कारण फिसलन का खतरा है। एचआरटीसी कुल्लू के मंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि निगम ने जलोड़ी दर्रा होकर बस का ट्रायल करवाया। अब ट्रायल के बाद 21 मार्च को दो रूटों पर बसों को संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ दिन बाद कुल्लू-शुश-कोठी-आनी बस सेवा के साथ दोपहर को चलने वाली कुल्लू-बंजार-आनी बस सेवा को भी शुरू किया जाएगा।