पतलीकूहल (कुल्लू)। पुलिस थाना पतलीकूहल के बाड़ी गांव में चोरी की वारदात सामने आई है। शातिर कमरे से हजारों की नकदी सहित सोने और चांदी के आभूषण ले उड़े हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मिली जानकारी के अनुसार 26 अगस्त को राहुल पुत्र चमन लाल, निवासी बाड़ी, डाकघर पतलीकूहल, तहसील मनाली, जिला कुल्लू ने थाना पतलीकूहल में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में बताया कि शातिरों ने मकान में प्रवेश करने के लिए खिड़की की ग्रिल और जाली तोड़ दी। इसके बाद वे कमरे के अंदर दाखिल हुए और अलमारियों को खंगाला। आरोप है कि शातिर अलमारियों से करीब 52 हजार रुपये की नकदी के साथ सोने और चांदी के आभूषण उड़ाकर ले गए।
वारदात का पता चलने पर मकान मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अब मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों तक पहुंचा जा सके। एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद