बजौरा स्कूल में आत्मरक्षा के गुर सीखने के बाद प्रदर्शन करती हुईं छात्राएं
कुल्लू। राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बजौरा की छात्राओं ने जब आत्मरक्षा में लाठियां चलाईं तो साथी दंग रह गए। साथ ही छात्राओं ने हाथों से टाइलें तोड़ीं और पेट पर सीमेंट के ब्लॉक तोड़कर अपना हुनर दिखाया।
बजौरा स्कूल में बेटियों के लिए 10 दिवसीय आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। शुक्रवार को स्कूल में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस भी मनाया गया। इस दौरान चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिता करवाई। प्रधानाचार्य कविता कपूर ने कहा कि बाल विकास परियोजना अधिकारी कुल्लू गजेंद्र ठाकुर ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से सभी स्कूलों में इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाने की विभाग की योजना है। मुख्य प्रशिक्षक रणबीर ठाकुर ने बताया कि मार्शल आर्ट्स से जुड़कर बच्चे नशे और अन्य कुसंगतियों से दूर रहते हैं। पर्यवेक्षक नरेश कौंडल ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। नारा लेखन प्रतियोगिता में अपेक्षा ने प्रथम, आइशा ने द्वितीय, अनामिका ने तृतीय जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में सिमरन प्रथम, आशुतोष द्वितीय तथा साक्षी शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। संवाद