सार
रोहतांग दर्रा घूमने आए गाजियाबाद के एक छात्र की ढांक से गिरने के कारण मौत हो गई। डीएसपी केलांग केडी शर्मा के अनुसार, छात्र फोटो खिंचवाते समय हादसे का शिकार हुआ। घटना रोहतांग से ग्रांफू की तरफ जाते समय हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
रोहतांग दर्रे की सैर पर निकले गाजियाबाद के 17 वर्षीय छात्र की मंगलवार को पहाड़ी से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसा रोहतांग दर्रे के दूसरी ओर ग्रांफू के पास हुआ। छात्र फोटो खिंचवाने के लिए पहाड़ी के समीप गया था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया।, जिससे उसकी जान चली गई।
मृतक की पहचान रुद्र कुमार (17) पुत्र पुष्पेंद्र कुमार निवासी जसवंत विहार, आकाश नगर (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। रुद्र गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित ब्राइटलैंड स्कूल में 11वीं कक्षा (कॉमर्स) का छात्र था। पुलिस के अनुसार ब्राइटलैंड स्कूल के विद्यार्थियों का एक समूह मनाली घूमने आया हुआ था। मंगलवार को समूह रोहतांग दर्रे की ओर गया था। इसी दौरान रुद्र कुमार फोटो खिंचवाने के लिए पहाड़ी के नजदीक पहुंचा।
वहां अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी ढलान की ओर नीचे गिर गया। गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। छात्र के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को नियमानुसार परिजनों को सौंपा जाएगा। डीएसपी मुख्यालय केडी शर्मा ने बताया कि रोहतांग घूमने आए एक छात्र की पहाड़ी से गिरने के कारण मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।