कुल्लू। सामरिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण घटासनी-शिल्हबुद्धानी-भुभू जोत-कुल्लू मार्ग को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के रूप में सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। एनएचएआई ने डीपीआर तैयार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय निविदाएं आमंत्रित की हैं, जिसे 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि मार्ग और भुभू जोत सुरंग बनने से जोगिंद्रनगर-कुल्लू दूरी करीब 50 किलोमीटर कम होगी।
यह सेना के लिए लेह-लद्दाख की ओर सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग के साथ पर्यटन, बागवानी और व्यापार को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रस्तावित लंबाई 67.50 किलोमीटर, चार बड़े पुल और चार सुरंगें बनाई जाएंगी। अनुमानित लागत 1831.94 करोड़ आएगी। करीब 162.76 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की जाएगी। संवाद