दशहरा उत्सव ::::
दशहरा उत्सव के लिए प्लाॅट आवंटन प्रक्रिया जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव को लेकर प्लॉट आवंटन प्रक्रिया जारी है। शुक्रवार को हुए प्लॉट आवंटन से दशहरा समिति ने 22.77 लाख रुपये का राजस्व जुटाया। इसमें तीन पार्किंग और अलग-अलग मार्केट के प्लॉट शामिल रहे।
सुबह करीब 11 बजे से प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें पहले अलग-अलग मार्केट के लिए बचे हुए प्लॉट आवंटित किए गए। उसके बाद पार्किंग स्थलों की नीलामी की गई। इसमें प्रदर्शनी मैदान की पार्किंग सबसे ज्यादा दामों पर नीलाम हुई, जिसमें 7.62 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अन्य दो पार्किंग में बर्तन मार्केट के पीछे की 4.59 लाख और तीसरी पार्किंग तीन लाख रुपये में नीलाम की गई।
प्रदर्शनी मैदान की पार्किंग के लिए कारोबारियों में स्पर्धा
दशहरा उत्सव के लिए पार्किंग की नीलामी के दौरान बोलीदाताओं में स्पर्धा देखने को मिली। इस दौरान प्रदर्शनी मैदान की पार्किंग को अपने नाम करने के लिए दस बोलीदाताओं ने भाग लिया। हालांकि पार्किंग की नीलामी का शुरुआती मूल्य 1 लाख 23 हजार रुपये रखा गया था। यहां से पहले बोलीदाताओं ने दो-दो हजार रुपये बढ़ाकर बोली लगानी शुरू की। जब बोली दो लाख रुपये तक पहुंची तो उसके बाद पचास हजार की बढ़ोतरी करते हुए कुछ बोलीदाता बाहर होते गए। आखिर में 7 लाख 62 हजार रुपये में पार्किंग नीलाम हो हुई। पार्किंग पिछले वर्ष की अपेक्षा में इस बार करीब छह गुणा से अधिक महंगी नीलाम हुई है।