सोलंगनाला। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंग घाटी प्राकृतिक सुंदरता और मनमोहक वादियों के लिए देश-विदेश में जानी जाती है। हर वर्ष हजारों पर्यटक यहां पहुंचते हैं लेकिन घाटी के समीप लगे कचरे के ढेर सुंदरता पर दाग लगा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। कुछ समय के लिए स्थिति में सुधार जरूर होता है, लेकिन बाद में फिर से कचरा जमा होने लगता है। इससे न केवल पर्यावरण प्रभावित हो रहा है बल्कि पर्यटन स्थल की छवि भी खराब हो रही है।
गांव कमेटी के अध्यक्ष देवी सिंह ने क्षेत्र के ढाबा संचालकों और अन्य लोगों से अपील की है कि कचरा खुले में न फेंकें तथा निर्धारित स्थानों पर ही उसका उचित निपटान करें। उन्होंने कहा कि सोलंग घाटी की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी मांग की है कि कचरा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था की जाए ताकि सोलंग घाटी की सुंदरता बरकरार रह सके। एसडीएम जीएस चीमा ने कहा कि इस बारे में संबंधित विभाग को आदेश दिए जाएंगे। संवाद