पतलीकूहल (कुल्लू)। जिले में बढ़ते पर्यटन कारोबार को देखते हुए युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान पतलीकूहल में ट्रेवल एंड टूरिस्ट गाइड का दस दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण देगा। यह प्रशिक्षण 12 से 21 फरवरी तक चलेगा। 18 से 50 वर्ष तक के आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जो पर्यटन क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं या स्वरोजगार के नए अवसर तलाश रहे हैं। यह प्रशिक्षण भारतीय ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम समन्वयक सौरभ उपाध्याय ने बताया कि कुल्लू-मनाली क्षेत्र में हर वर्ष लाखों पर्यटक आते हैं। ऐसे में प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों की मांग लगातार बढ़ रही है। यह प्रशिक्षण युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में सहायक होगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरी तरह निशुल्क रहेगा। प्रशिक्षण में शामिल होने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आवेदन के समय आधार कार्ड, राशन कार्ड की फोटो कॉपी तथा तीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य रहेगा। बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन खंड विकास अधिकारी कार्यालय के समीप पतलीकूहल स्थित परिसर में किया जाएगा।