बंजार (कुल्लू)। उपमंडल की तीर्थन घाटी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुशैनी के भवन को क्षतिग्रस्त हुए छह माह से अधिक का समय बीत गया है। प्रदेश सरकार अब तक इस स्कूल के पुनर्निर्माण के लिए एफआरए की मंजूरी प्रदान नहीं कर पाई है।
यह क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। पिछले छह माह से छात्र-छात्राएं अस्थायी व्यवस्थाओं के सहारे पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं। इससे उनकी शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्कूल में करीब 450 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस मामले को बंजार विस क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी ने बुधवार को सदन में रखा। उन्होंने कहा कि स्कूल अभी एक निजी भवन में चल रहा है। सरकार के दो मंत्री विद्यालय का दौरा कर चुके हैं, लेकिन आज दिन तक स्कूल भवन का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने वर्तमान में गुशैनी स्कूल के लिए की गई व्यवस्था को विस्तारित कर मकान मालिक को उचित किराया राशि देने की बात कही है।