लाहौल-स्पीति के बिलिंग में होगी सुपर-7 क्रिकेट प्रतियोगिता
युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने की पहल
मैदान तैयार करने में महिला मंडल ने भी किया सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति के बिलिंग में युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के उद्देश्य से सुपर-7 क्रिकेट प्रतियोगिता शुक्रवार से शुरू होगी। करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई पर होने वाली प्रतियोगिता को लेकर यंग फार्मर क्लब बिलिंग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतियोगिता के लिए ग्रामीण क्षेत्र में खेतों को खेल मैदान के रूप में तैयार किया गया है। युवाओं की इस पहल में महिला मंडल बिलिंग ने भी सहयोग किया। महिला मंडल की सदस्यों ने एकजुट होकर मैदान की साफ-सफाई और अन्य तैयारियों में युवाओं का साथ दिया।
आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर युवाओं के लिए खेल का बेहतर माहौल तैयार करना प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य है। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। आयोजक टशी ने क्षेत्र के सभी युवाओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने और खेल भावना के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने मैदान तैयार करने में सहयोग देने के लिए महिला मंडल बिलिंग सहित स्थानीय लोगों का आभार जताया। यंग फार्मर क्लब बिलिंग ने कहा कि स्थानीय समुदाय के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।