केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में केलांग अस्पताल और तीन स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों ने ज्वाइन कर लिया है। चार डॉक्टरों के ज्वाइन करने से लाहौल के लोगों को राहत मिली है।
कुछ समय पहले क्षेत्रीय अस्पताल केलांग, पीएचसी दारचा, पीएचसी ठोलंग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांशा और पीएचसी तिंदी में डॉक्टरों की नियुक्ति के आदेश हुए थे। इनमें केलांग, दारचा, तिंदी और ठोलंग में डॉक्टरों ने ज्वाइन किया है। शांशा में डॉक्टर के ज्वाइन करने का अभी इंतजार है।
दूरदराज क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टर न होने से अक्सर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मजबूरी में लोगों को कई किलोमीटर दूर केलांग अस्पताल तक जाना पड़ रहा था। अब लोगों की मुश्किलें कम होंगी। पंचायत समिति अध्यक्ष विपिन शाशनी, जिला परिषद अध्यक्ष बीना देवी और जिला परिषद छेजंग डोलमा ने कहा कि पहली बार चार डॉक्टरों ने एक साथ ज्वाइन किया है। विधायक के प्रयासों से यह संभव हो पाया है।
लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराणा राणा ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में कामयाबी भी मिल रही है। प्रदेश सरकार भी जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. रोशन लाल ने कहा कि चार डॉक्टरों ने ज्वाइन किया है। डॉक्टरों के ज्वाइन करने से स्वास्थ्य सेवाएं पहले से और सुदृढ़ होंगी।