कुल्लू। जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या के मामले में कुल्लू पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी आरोपियों से हत्या के विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। इसलिए आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
बुधवार रात गिरफ्तारी के बाद पुलिस सभी आरोपियों को जिला अस्पताल कुल्लू लेकर पहुंची, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने का दावा किया है। जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अहम साक्ष्य साबित हुई।
गौरतलब है कि 24 जुलाई की रात जल शक्ति विभाग के जेई लाभ सिंह गुलेरिया के साथ मारपीट की गई थी। अगले दिन 25 जुलाई की सुबह करीब 6 बजे वह गांधीनगर स्थित जल शक्ति विभाग के कार्यालय से कुछ दूरी पर एक खोखे के पास बेसुध अवस्था में मिले थे।
उन्हें तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 26 जुलाई को उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुल्लू पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर बुधवार रात महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने बताया कि हत्या के आरोप में गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।