कुल्लू। दिवाली की रात जहां घाटी रोशनी और आतिशबाजी से जगमगा रही थी, वहीं जिला मुख्यालय और आसपास के जंगल आग की लपटों से घिर गए। कुल्लू और पार्वती वन मंडल के तहत सात स्थानों पर जंगलों में आग लगने से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। आग की घटनाओं की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए रातभर मशक्कत करती रहीं। फिलहाल विभाग की टीमें आग से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं।
वन विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू वन मंडल के तहत चार स्थानों पर जंगलों में आग लगी। इनमें भेखली, पीज और बिजली महादेव के जंगल शामिल हैं। वहीं, पार्वती वन मंडल की तीन वन रेंजों में भी आग की घटनाएं सामने आई हैं। आग पर काबू पाने के लिए विभाग की विशेष टीमें तैनात की गई थीं। कर्मचारियों ने रातभर मौके पर डटे रहकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
वन मंडलाधिकारी कुल्लू सन्नी वर्मा ने बताया कि जंगलों में आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, पार्वती वन मंडल के वन मंडलाधिकारी सार्थक ने बताया कि तीन वन रेंजों में आग की घटनाएं हुई हैं। इनमें बिजली महादेव के साथ लगते जंगल, कशावरी और कसोल-जरी क्षेत्र शामिल हैं। आग से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। विभाग की ओर से इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि आग की घटनाओं से निपटने के लिए पहले ही तैयारियां कर विशेष टीमें गठित की गई थीं।