भुंतर में फलों की पेटियों की जांच करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी। -विभाग
कुल्लू। अब फलों का सीजन शुरू हो गया है। लोगों को खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुसार सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध हों, इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कसरत शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने सोमवार को भुंतर में फलों और खाद्य पदार्थों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर दुकानदारों को सुधार करने की हिदायत दी गई।
फलों की पेटियों में विभागीय टीम को संदिग्ध पैकेट मिले हैं। इन पैकेट की जांच की जाएगी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये पैकेट कैल्शियम कार्बाइड के हो सकते हैं। इसका उपयोग फलों को पकाने के लिए किया जाता है। इस संबंध में जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भुंतर बाजार में विभागीय टीम ने दबिश दी है और फलों की पेटियों और क्रेटों में संदिग्ध पैकेट मिले हैं। इनकी जांच की जाएगी और फलों के सैंपल भी लिए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन की सूरत में विक्रेताओं पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद