हरिपुर (कुल्लू)। दशहरा उत्सव हरिपुर की चौथी सांस्कृतिक संध्या लोक कलाकार डावे राम के नाम रही। उन्होंने हिमाचली और कुल्लवी गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। संध्या में पारंपरिक स्वांग, महिला और युवक मंडलों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
ठाकुर महादेव के स्वांग के तहत मोनिया बाबा, देवी रूप, छोटा बाणू, बड़ा बाणू और हिरण नृत्य प्रस्तुत किया गया। इन प्रस्तुतियों में क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और प्राचीन परंपराओं की झलक देखने को मिली। महिला मंडल बोश और महिला मंडल नीलासुरी ने कुल्लवी नाटी प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के माध्यम से हरिपुर की सांस्कृतिक विरासत को संजोने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि हरिपुर दशहरा उत्सव क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाओं के संरक्षण में अहम भूमिका निभा रहा है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है। इस अवसर पर ठाकुर दास ने सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। संवाद