कुल्लू। हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए शिक्षा विभाग कुल्लू ने तैयारियां कर ली हैं। विभाग ने फ्लाइंग स्क्वायड का गठन किया है। फ्लाइंग स्क्वायड बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगा।
प्रदेश शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं कक्षा की परीक्षा दो से 21 मार्च, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षा एक से 28 मार्च तक आयोजित की जाएगी। शिक्षा विभाग भी परीक्षाओं को लेकर सतर्क है।परीक्षाओं में नकल पर नकेल कसने के लिए गठित फ्लाइंग स्क्वायड में उच्च शिक्षा उपनिदेशक अध्यक्ष रहेंगे।
उनके साथ टीम में एक टीजीटी, एक प्रवक्ता और एक सीएंडवी शिक्षक को शामिल किया गया है। यह चार सदस्यीय फ्लाइंग स्क्वायड पूरे मार्च होने वाली परीक्षाओं पर अपनी नजर बनाएगा।
इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक कुल्लू शांति लाल शर्मा ने कहा कि 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ करवाई जाएंगी। इसके लिए फ्लाइंग स्क्वायड का गठन किया गया है, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा में नकल का सहारा न लेने की अपील की है। संवाद