मनाली। मानसून के दौरान ब्यास नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए नेहरू कुंड और बाहंग में फ्लड प्रोटेक्शन एवं तटबंध निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा।
मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ब्यास नदी के किनारे बसे इन क्षेत्रों में हर वर्ष कटाव का खतरा बना रहता है। प्रस्तावित तटबंध बनने से रिहायशी क्षेत्रों, कृषि भूमि, सड़कों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नदी के कटाव से सुरक्षा मिलेगी। साथ ही मानसून के दौरान जान-माल के नुकसान की आशंका भी कम होगी।
विधायक ने बताया कि संबंधित विभागों को निर्माण शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। तटबंधों का निर्माण तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाएगा ताकि वे लंबे समय तक प्रभावी सुरक्षा प्रदान कर सकें।
इस परियोजना से स्थानीय आबादी की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। मानसून के दौरान ब्यास नदी के किनारे बसे इलाकों में कटाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, ऐसे में फ्लड प्रोटेक्शन कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।