कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू के 11 वार्डों में पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए 44 नामांकन पत्र भरे गए थे। सोमवार को नामांकन पत्रों की छंटनी की गई जिसमें 39 नामांकन स्वीकृत किए गए। पांच नामांकन पत्र रद्द किए गए।
ये वे नामांकन हैं जिन्होंने अपने अपने वार्ड से दो और तीन नामांकन पत्र भरे थे। उन उम्मीदवारों का एक-एक नामांकन पत्र स्वीकृत किया गया। एक से ज्यादा नामांकन पत्र भरने वाले उम्मीदवारों में वार्ड नंबर एक से पुष्पा देवी ने तीन नामांकन पत्र दाखिल किए थे। उनमें से एक नामांकन स्वीकृत करते हुए दो को रद्द किया गया। इसी तरह से वार्ड नंबर चार से अनीता ने दो, वार्ड नंबर सात से प्रिया भारती ने दो और दस नंबर वार्ड से चंद्र भानु ने भी दो नामांकन पत्र भरे थे। उनके भी एक-एक नामांकन स्वीकृत किए गए हैं।
तहसीलदार कुल्लू अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार को उम्मीदवारों के नामांकन पत्र की छंटनी की गई जिसमें दो और तीन नामांकन पत्र भरने वालों के एक-एक नामांकन पत्र स्वीकृत किए और ऐसे चार प्रत्याशियों के अतिरिक्त नामांकन को रद्द किया गया। अब 6 मई को नाम वापसी होगी और उसके बाद शाम तक उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी और उन्हें चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
बंजार में सभी नामांकन वैध
बंजार नगर पंचायत में 17 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे थे जिनमें सभी वैध पाए गए हैं। यहां किसी भी उम्मीदवार का नामांकन रद्द नहीं हुआ। ऐसे में यहां भी छह मई को नामांकन वापसी का दिन है। उसके बाद यहां भी अंतिम सूची तैयार होगी।
भुंतर में 15 स्वीकृत
भुंतर नगर पंचायत में 17 ने नामांकन पत्र भरे थे जिनमें से 15 के नामांकन पत्र स्वीकृत कर दिए हैं। जबकि दो उम्मीदवारों की शिकायत आने पर उनकी सुनवाई मंगलवार को होगी।
000