नग्गर में एक मकान में लगी आग को बुझाते हुए।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। सर्दी के मौसम में जिला कुल्लू में आग की घटनाएं नहीं थम रही हैं। सोमवार शाम को नग्गर के शिव मंदिर के पास एक तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई।पूरे नग्गर में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन पतलीकूहल की दी। पानी से भरी गाड़ियों को लेकर मौके पर पहुंचे विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आठ कमरों के इस मकान में बाहरी हिस्से को काफी नुकसान पहुंच गया था। हालांकि घर के अंदर किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग पतलीकूहल के अधिकारी छापे राम ठाकुर ने कहा कि उन्हें सोमवार शाम करीब पांच आग लगने की सूचना मिली थी। कहा कि आग से करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। तीन मंजिला आठ कमरों के इस मकान में रोशन लाल, योग राज तथा इकबाल के परिवार के 13 लोग रहते थे। उन्होंने कहा कि विभाग ने घर को जलने से बचा लिया है। मकान के एक हिस्से में रखे घास से आग लगी थी। उन्होंने लोगों से अपील की है वह रिहायशी इलाकों के आसपास घास को न रखे। सर्दी के मौसम ने अचानक आग लगने का खतरा रहता है। उधर, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि प्रभावित परिवार की फौरी राहत के साथ नियमानुसार मदद की जाएगी।