बिजली महादेव के साथ लगती कशावरी बीट में लगी आग, जिसमें लाखों की वन संपदा राख हुई है। संवाद।
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ सटे बिजली महादेव के जंगल में शनिवार दोपहर 12 बजे के करीब आग लग गई। इस पर काबू नहीं पाया जा सका है। जंगल में घासनी होने के कारण आग तेजी से फैली। इससे छोटे पौधों के साथ बड़े पेड़ भी आग की चपेट में आए हैं।
दिनभर जंगल धू-धू कर जलाता रहा। आग की घटना में कई हेक्टेयर क्षेत्र में वन संपदा को नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना वन विभाग को दे दी है।
लोगों ने जंगलों को आग से बचाने के वन विभाग के दावों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। फायर सीजन में बिजली महादेव की पहाड़ी में दो बार आग लग चुकी है।
अब महाशिवरात्रि के दिन जंगल में आग लगी है। इसमें वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। इस संबंध में वनमंडल पार्वती के वन परिक्षेत्र अधिकारी विशन ने कहा कि विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया है। बिजली महादेव के जंगल में भड़की आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। कहा कि जंगल में आग लगाने वाले का पता लगाकर उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद