कुल्लू। शहर से पांच किलोमीटर दूर पिरड़ी में दो मंजिला मकान के पांच कमरे जलकर राख हो गए। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सुबह के समय मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की घटना में 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
वीरवार सुबह करीब 9:30 बजे प्रशांत ठाकुर पुत्र अमर चंद, गांव पिरडी, डाकघर मौहल, तहसील एवं जिला कुल्लू के मकान की ऊपरी मंजिल में अचानक चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग मकान में फैल गई। लोग भी मकान में धुआं उठते ही आग पर काबू पाने के लिए दौड़े। दमकल विभाग को भी सूचित किया। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। इससे पूर्व कमरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में जानमाल का कोई नुकसान नहीं है।
फायर ऑफिसर कुल्लू प्रेम भारद्वाज ने कहा कि आग पर काबू पा लिया है। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर 50 लाख की संपत्ति को बचाया है। नुकसान की रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को सौंप दी गई है।
...
कसोल के समीप जंगल में लगी
मणिकर्ण घाटी के कसोल के समीप जयनाला के जंगल में बुधवार रात को आग लगी। अग्निकांड की घटना में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि यह आग किसी अज्ञात व्यक्ति ने लगाई थी। आग पर दमकल के कर्मचारियों ने काबू पाया।