बबेली में एक शैड में आग के बाद उठती लपटें।
कुल्लू। जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर बबेली में एक शेड में लगी आग के चलते एक व्यक्ति झुलस गया है। इसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कुल्लू अस्पताल से डॉक्टरों ने उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया है। शेड से अचानक आग की लपटें उठने के बाद यहां पर अफरा-तफरी मच गई।
झुलसने वाले व्यक्ति ने पानी की छोटी कूहल से कपड़ों में लगी आग बुझाई। कृष्ण (50) निवासी मकान नंबर 130/10 धनेहड़ा, तहसील एवं जिला मंडी शेड में चिकन का धंधा करता है। सोमवार शाम करीब 6:00 बजे एलपीजी सिलिंडर से गैस का रिसाव होने के चलते अचानक आग की लपटें उठीं। इसकी चपेट में कृष्ण आ गया। जैसे ही उसने खुद को बचाने की कोशिश की तो यहां रखी कड़ाही भी उसके ऊपर गिर गई। इसमें गर्म तेल भी था। उसके कपड़ों ने भी आग पकड़ ली।
कृष्ण ने कपड़ों में लगी आग बुझाने के लिए पानी की कूहल का सहारा लिया। कूहल में घुसने के बाद ही उसके कपड़ों की आग बुझ गई। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग की घटना में 25,000 रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निशमन विभाग के सब फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने कहा कि मौके पर पहुंचकर दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया है।
एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि बबेली में आग से एक व्यक्ति झुलसा है। इसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।