कुल्लू के बस अड्डे के समीप झुगी में लगी आग को बुझाने में जुटे फायर कर्मी।-संवाद
कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित खोरीरोपा में सोमवार को एक झुग्गी में अचानक आग लग गई। आग की सूचना लोगों ने दमकल विभाग को दी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
विभाग के अनुसार आग से राम लाल नाम के व्यक्ति की झुग्गी में रखे बेड, फर्नीचर और रसोई का सामान पूरी तरह से जल गया। घटना में 20 हजार से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। झुग्गी के साथ एक अन्य झुग्गी को भी हल्का नुकसान हुआ है। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
बस अड्डा के आसपास के लोग भी आग पर काबू पाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दमकल विभाग के प्रभारी प्रेम भारद्वाज ने बताया कि घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। इसमें घरेलू उपयोग का सामान जला है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संवाद