कोटला अग्निकांड प्रभावितों के लिए राहत राशि एकत्रित करने में जिला कुल्लू की कई संस्थाएं आगे आने लगी हैं। आग की घटना के बाद आज दिन तक जिला के विभिन्न स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं सहित अन्य संगठनों ने लाखों रुपये एकत्रित कर अग्निकांड पीड़ितों का सहयोग किया है और आज भी अग्निकांड प्रभावितों के लिए राहत राशि एकत्रित करने का क्रम बढ़ता जा रहा है। सोमवार को प्राथमिक शिक्षक संघ खंड सैंज ने कोटला पहुंचकर अग्निकांड पीड़ितों की पचास हजार रुपये की नकद आर्थिक मदद की। वहीं, शिक्षक संघ ने कोटला में आग की भेंट चढ़े घरों के मलबे को हटाने का काम भी किया। प्राथमिक शिक्षक संघ खंड सैंज के प्रधान सब्जा चंद ने बताया कि संघ ने बैठक का आयोजन कर प्रभावितों को राहत राशि देने का निर्णय लिया था। उन्होंने बताया कि सोमवार को पचास हजार रुपये की राशि एकत्रित कर संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कोटला प्रभावितों को सौंपी। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को राहत राशि एकत्रित करने के लिए और भी प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर शिक्षक संघ के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।