पंचायत प्रधान ने उपायुक्त को मांगपत्र सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। ग्राम पंचायत रायसन के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए पुस्तकालय भवन बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसको लेकर ग्राम पंचायत रायसन के प्रधान सतपाल नेगी उपायुक्त कुल्लू से मिले और पंचायत में पुस्तकालय की मांग को लेकर मांगपत्र सौंपा।
उन्होंने मांग की है पंचायत में पुस्तकालय भवन बनाने के लिए पंद्रह लाख रुपये की राशि जारी की जाए। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और स्थानीय निवासियों को पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक शांत और उचित वातावरण की आवश्यकता है। वर्तमान में पर्याप्त पुस्तकालय सुविधा उपलब्ध न होने के कारण युवाओं को अध्ययन और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में या फिर कुल्लू जाना पड़ता है या फिर घर पर बैठना पड़ रहा है जहां पढ़ाई का माहौल भी नहीं बन पाता।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से आग्रह किया गया है कि पंचायत क्षेत्र में एक आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की जाए, ताकि युवाओं को गांव स्तर पर ही बेहतर अध्ययन वातावरण और पठन-पाठन की सुविधाएं मिल सकें।