पतलीकूहल (कुल्लू)। बाड़ी प्राथमिक स्कूल में मिड-डे मील की खीर खाने के बाद बच्चों के बीमार पड़ने की घटना के दूसरे दिन मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़, एसडीएम और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रणजीत ठाकुर ने सीएचसी पतलीकूहल पहुंचकर उपचाराधीन बच्चों का हाल जाना। विधायक ने प्रभावित बच्चों के परिजनों को पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना जरूरी है। बच्चों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को बच्चों की लगातार निगरानी करने और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
कुल्लू से बाल रोग विशेषज्ञ भी पहुंचे
सीएमओ कुल्लू डॉ. रणजीत ठाकुर ने बच्चों के बेहतर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह के लिए कुल्लू से बाल रोग विशेषज्ञ को भी अपने साथ पतलीकूहल लाया। सीएचसी पहुंचने के बाद विशेषज्ञ ने उपचाराधीन बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों के साथ उनके उपचार को लेकर आवश्यक चर्चा की। अस्पताल में डॉ. मोहित शर्मा की देखरेख में बच्चों का उपचार किया जा रहा है। अधिकारियों ने चिकित्सकों को बच्चों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।