कुल्लू में लोहड़ी उत्सव पर ढोलक के साथ निकली युवाओं की टोली।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। कोरोना के बीच जिला कुल्लू में बुधवार को लोहड़ी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोहड़ी के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। हालांकि कोरोना में इस बार बड़ा आयोजन नहीं हो पाया।
शहर में दिनभर बच्चों की टोलियां सुंदर मुंदरिये तेरा कौन बेचारा... लोहड़ी गीते गाते हुए नजर आए। शहर के लोअर ढालपुर, सरवरी, अखाड़ा बाजार, भुंतर, बंजार, मनाली और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने लोहड़ी पर्व मनाया। गौर रहे कि मकर संक्रांति से एक दिन पहले मनाए जाने इस पर्व का लोगों को खास इंतजार रहता है। शहर में लोहड़ी के अवसर पर लोगों ने मूंगफली, गचक, रेवड़ी आदि की जमकर खरीदारी की। मूंगफली की दुकानों पर दिनभर भीड़ रही। घाटीवासी रेशम ठाकुर, नानक चंद, रवि प्रकाश, दिनेश और बबलू ने कहा कि कुल्लू में मकर संक्रांति का आगाज लोहड़ी से ही होता है। जितना उत्साह लोगों में मकर संक्रांति को लेकर रहता है, उतना ही लोहड़ी को लेकर रहता है। उन्होंने कहा कि लोगों ने एक-दूसरे को लोहड़ी की शुभकामनाएं दी हैं। बंजार में लोहड़ी के पर्व पर लोगों ने खूब खरीदारी की। पंचायत चुनावों के बीच लोगों में लोहड़ी को लेकर उत्साह नजर आया। लोहड़ी पर्व पर कई गांवों में मेहमानबाजी का भी खूब दौर चला, जो मकर संक्रांति पर भी जारी रहेगा।