पर्यावरण मित्र पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
स्थानीय उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा बाजार
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में 25 सितंबर से तीन दिवसीय मनाली एक्सपो का आयोजन होगा। इसमें देशभर से 150 से अधिक कंपनियां और विभिन्न संस्थान हिस्सा लेंगे। एक्सपो में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण मित्र पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उत्पादों और कारोबार को बाजार उपलब्ध करवाना है।
मंगलवार को मनाली एक्सपो टीम ने प्रेस वार्ता कर आयोजन की जानकारी दी। टीम से जुड़े असीम, सचिन, संजय और स्मृति शर्मा ने बताया कि एक्सपो में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 200 कंपनियों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रदर्शनी के माध्यम से पर्यटन से जुड़े नए उत्पादों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी पर्यटकों व स्थानीय लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि एक्सपो में भवन निर्माण सामग्री, खाद्य पदार्थ, सौर ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को अपने हस्तनिर्मित और अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार और कारोबार को विस्तार देने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ‘क्लिक मनाली’ की ओर से आयोजित एक्सपो को पर्यटन मंत्रालय, इनक्रेडिबल इंडिया और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग का सहयोग प्राप्त है। यह आयोजन ब्रांड, स्टार्टअप और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को आपस में जुड़ने, कारोबार बढ़ाने और नए अवसर तलाशने के लिए मंच उपलब्ध करवाएगा।
आयोजकों के अनुसार तीन दिवसीय प्रदर्शनी के माध्यम से हिमालयी क्षेत्र के व्यावसायिक पारिस्थितिकी तंत्र को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। इसमें पर्यटन सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों और उद्योगों से जुड़े प्रतिभागी शामिल होंगे।