अटल टनल रोहतांग में शनिवार को हो रही ताजा बर्फबारी से गुजरते वाहन।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। क्रिसमस के बाद नए साल तक कुल्लू-मनाली में पर्यटकों की बाढ़ सा आ गई थी, लेकिन नए साल के दूसरे इसमें कमी आई है। बावजूद इसके कुल्लू-मनाली में पिछले कई सालों के मुकाबले पर्यटकों की संख्या अधिक है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले साल जितना पर्यटक क्रिसमस और नए साल को पहुंचा था, उतना पर्यटक अभी भी मनाली में मौजूद है। पर्यटन कारोबारियों को अपने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
हालांकि नए साल के बाद पर्यटकों में भीड़ में 20 से 25 फीसदी की कमी आई है। मगर मनाली के साथ मणिकर्ण, तीर्थन और जिभी पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हैं। होटलियर प्रीतम सिंह, बीर सिंह, मोहर सिंह, किशन ठाकुर तथा प्रकाश का कहना है कि क्रिसमस से लेकर मनाली के पर्यटन में उछाल आया है। उन्होंने कहा कि नए साल के बाद पर्यटकों की संख्या में कमी आना नई बात नहीं है और यह अमूमन होता है। उन्होंने कहा कि शनिवार को मनाली के मालरोड के साथ सोलंगनाला, ढुंगरी, नेहरू कुंड आदि पर्यटन स्थलों में पर्यटक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थी। इसके अलावा पर्यटन निगम के होटलों में भी 70 से 75 फीसदी का ऑक्यूपेंसी चल रही है। निगम के डीजीएम अनिल तनेजा ने कहा कि नए साल के बाद कुछ कमी तो आई है, मगर ओवरऑल मनाली में सैलानी अच्छी संख्या में आ रहा है। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि क्रिसमस से लेकर अभी तक मनाली में रिकॉर्ड सैलानी पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि अगले दिन ताजा बर्फबारी होने से इसमें ओर उछाल आएगा।