रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक डीजे-लाउडस्पीकर पर रोक
शाईरोपा में तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास एसोसिएशन की बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। आगामी पर्यटन सीजन में तीर्थन घाटी में पर्यटकों की सुरक्षा और पर्यटन कारोबार को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शाईरोपा सभागार में तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास एसोसिएशन की ओर से समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान वरुण भारती ने की, जबकि एसडीपीओ बंजार राज कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में होटल और होम-स्टे संचालकों, पर्यटन कारोबारियों तथा स्थानीय युवाओं ने हिस्सा लिया। एसडीपीओ ने सिंथेटिक नशे की रोकथाम, ध्वनि प्रदूषण, किरायेदार सत्यापन, सी-फॉर्म, महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं करने को कहा।
पर्यटकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करवाने, नदी किनारे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और होटल-होम-स्टे में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। एसडीपीओ ने कहा कि नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
आपात स्थिति या ड्रग्स से संबंधित सूचना के लिए 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और जिम्मेदार पर्यटन के लिए पुलिस और स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। बैठक में कारोबारियों और स्थानीय युवाओं ने कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षित पर्यटन व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया। संवाद