केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिला मुख्यालय केलांग स्थित ओल्ड सर्किट हाउस में सोमवार को प्रेस दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त लाहौल-स्पीति निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी थीम पर सार्थक चर्चा की गई। उपायुक्त निवेदिता नेगी ने कहा कि समाज को जागरूक करने और जनहित के मुद्दे उठाने में मीडिया की अहम भूमिका है। डिजिटल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से खबरों की प्रामाणिकता बनाए रखना बड़ी चुनौती है।
उन्होंने पत्रकारों से सनसनीखेज खबरों के बजाय तथ्यों पर आधारित निष्पक्ष रिपोर्टिंग करने का आग्रह किया। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल लोकप्रियता नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए प्रामाणिक जानकारी देना है। उन्होंने पत्रकारों से समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करने को कहा। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष श्याम आजाद सहित पत्रकार रतन कटोच, अशोक राणा, प्रेम लाल, प्रेम ठाकुर और सुरेंद्र सेन ने अपने विचार साझा किए। संवाद