सर्दियों की चुनौती से निपटने को तैयार लाहौल-स्पीति प्रशासन तैयार
उपायुक्त किरण भड़ाना ने प्रबंधों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। सर्दियों की दस्तक से पहले लाहौल-स्पीति प्रशासन हर मोर्चे पर तैयारियों में जुट गया है।
उपायुक्त किरण भड़ाना की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों जैसे सिस्सू, दारचा, मियाड़ और कोकसर में आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई। इन केंद्रों के जरिये न केवल स्थानीय निवासियों को त्वरित राहत दी जाएगी, बल्कि बर्फबारी और प्राकृतिक आपदाओं के समय बचाव कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों को मौसम की गंभीरता को देखते हुए उचित तैयारियां करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से थिरोट पावर प्रोजेक्ट की डी-सिल्टिंग को प्राथमिकता देने को कहा। सीमा सड़क संगठन एवं लोक निर्माण विभाग को बर्फबारी के दौरान मशीनों की तैनाती, रख-रखाव और त्वरित सेवा प्रदान करने की तैयारियों की बारीकी से जानकारी ली। उपायुक्त ने सभी विभागों को आवश्यक मशीनरी, उपकरणों और सुरक्षा सामग्री उपलब्ध करने को लेकर प्राक्कलन प्रस्तुत करने को कहा।
खाद्य सामग्री, ईंधन की व्यवस्था करने के निर्देश
खाद्य आपूर्ति विभाग को आवश्यक खाद्यान्न और राहत सामग्री को भंडारित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को स्कूलों में मध्याह्न भोजन के लिए पर्याप्त राशन स्टॉक करने के साथ ईंधन लकड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जल शक्ति विभाग को हिमस्खलन प्रभावित संभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण करने और पानी की आपूर्ति को प्रभावित करने वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।