कुल्लू में बिजली बोर्ड कर्मचारी संघ की बैठक में लेते कर्मचारी।-संवाद
प्रदेश अध्यक्ष नितीश भारद्वाज बोले- ओपीएस समेत 10 मांगों पर सरकार नहीं कर रही अमल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) समेत 10 मांगों को लेकर हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड इम्प्लाइज यूनियन ने 2 सितंबर को विधानसभा का घेराव करने का एलान किया है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष नितीश भारद्वाज ने शुक्रवार को कुल्लू के बहुद्देशीय भवन में आयोजित सम्मेलन में यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष शिमला में आयोजित कर्मचारियों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने ओपीएस बहाली समेत कई घोषणाएं की थीं, लेकिन अभी तक किसी भी घोषणा पर अमल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि ओपीएस की लड़ाई में बिजली बोर्ड कर्मचारियों ने भी अहम भूमिका निभाई थी। इसके बावजूद अन्य कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ मिलने के बाद भी बोर्ड कर्मचारियों की अनदेखी की जा रही है।
नितीश भारद्वाज ने कहा कि यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर प्रबंधन को नोटिस दे दिया है। ओपीएस के अलावा नौ अन्य मांगें भी सरकार और बिजली बोर्ड के समक्ष रखी गई हैं। मांगों को लेकर यूनियन ने सभी जिलों में सम्मेलन कर कर्मचारियों को लामबंद करना शुरू कर दिया है। कुल्लू से पहले कांगड़ा, चंबा, किन्नौर, मंडी, सुंदरनगर और शिमला में सम्मेलन हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कुल्लू सम्मेलन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और विधानसभा घेराव की रणनीति तैयार की। इस दौरान कर्मचारी नेता रोशन, खूब राम, ज्ञान चंद समेत प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।