कुल्लू। जिले के खारका गांव में शादी समारोह से घर लौट रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। हालांकि, समय रहते परिजन उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले गए जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तारा चंद पुत्र स्वर्गीय मघरू राम निवासी गांव खारका डाकघर भल्याणी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 26 नवंबर की शाम करीब छह बजे तारा चंद अपने बेटे ओम प्रकाश के साथ भल्याणी गांव में शादी समारोह में शामिल होने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। खारका गांव के समीप रास्ते में दोनों कुछ देर आराम करने के लिए एक पत्थर पर बैठ गए। इसी दौरान तारा चंद ने बेटे से कहा कि उन्हें नींद आ रही है और इसके बाद वह वहीं सो गए। कुछ देर बाद बेटे ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद बेटे ने गांव के लोगों को बुलाया और पिता को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।