संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। पुलिस थाना उदयपुर के तहत आने वाले एकलव्य स्कूल कुकुमसेरी के एक टीजीटी संस्कृत अध्यापक कुकुमसेरी में अपने कमरे में मृत मिलने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने रविवार को शव को अपने कब्जे में लेकर केलांग में पोस्टमार्टम करवाया। जानकारी के अनुसार नरेश कुमार 36, पुत्र डुमणु राम, गांव कटवाण्डी, तहसील चच्योट, जिला मंडी एक्लव्या स्कूल कुकुमसेरी ज़िला लाहौल स्पीति में टीजीटी संस्कृत अध्यापक के पद पर तैनात था। शनिवार को जब मृतक के परिजनों ने मंडी से उसे फोन किया तो फोन नहीं उठाने पर मकान मालिक व अन्य को फोन किया।
जब उन्होंने रविवार सुबह अन्दर जाकर देखा तो अध्यापक अपने कमरे में मृत मिला। इसके बाद पुलिस थाना उदयपुर को सूचित किया गया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और केलांग में शव पोस्टमार्टम करवाया।
सीएमओ केलांग डॉ रोशन लाल ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।