लाहौल के दूरस्थ क्षेत्र में शिक्षा सचिव राकेश कंवर स्कूल का दौरा करते हुए।-संवाद
- फोटो : सांकेतिक
केलांग (लाहौल-स्पीति)। शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने सोमवार को जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनका यह दौरा प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
दौरे की शुरुआत उन्होंने क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दारचा से की, जहां प्रधानाचार्य, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की भौतिक सुविधाओं, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति और अनुशासन का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान सचिव ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके शैक्षणिक अनुभव और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियां सफलता में बाधा नहीं, बल्कि अवसर हैं। मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इसके बाद उन्होंने केलांग स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। कक्षाओं में चल रही शिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए उन्होंने आधुनिक और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का भी मूल्यांकन किया। शिक्षा सचिव ने भरोसा दिलाया कि सरकार शिक्षा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर तहसीलदार केलांग विकास कुमार और उप निदेशक शिक्षा रमेश लाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।