अंतरराष्ट्रीय उत्सव में इस बार कारोबारियों को 7600 रुपये में उपलब्ध हो रही कैनोपी
पिछली बार एक कैनोपी का किराया 12 हजार आठ सौ रुपये करना पड़ा था अदा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में कारोबारियों के लिए खुशखबरी है। जहां पहले कैनोपी लगाने का किराया 12,800 रुपये तक पहुंच जाता था, इस बार यह घटाकर सिर्फ 7,600 रुपये कर दिया गया है।
इससे सैकड़ों कारोबारियों की जेब पर बोझ कम होगा और उत्सव में कारोबार का माहौल और भी रंगीन हो जाएगा।
ढालपुर के माल रोड की मीना मार्केट में लगे डेढ़ सौ से अधिक कैनोपी अब कारोबारियों को ज्यादा किफायती रेट पर उपलब्ध होंगी। इससे दशहरा के इस रंगीन त्योहार में व्यापार को नई जान मिलेगी। पिछले वर्षों की तुलना में यह सबसे बड़ी राहत मानी जा रही है। इस बार प्रति कैनोपी चार हजार रुपये तक बचत हो रही है। पहले कारोबारियों को मालरोड पर लगने वाली प्रत्येक कैनोपी का 12 हजार 800 रुपये तक किराया देना पड़ता था। इस बार कैनोपी का 7600 रुपये किराया ही होगा।
गौरतलब है कि मालरोड ढालपुर में दोनों तरफ लगने वाली मीना मार्केट कैनोपी में ही लगती है। यहां करीब डेढ़ सौ दुकानें लगाई जाती हैं। ये दुकानें दो सालों से कैनोपी में लगाई जा रही हैं। प्रदर्शनी मैदान में भी कैनोपी स्थापित की जाएंगी। अन्य मार्केट में भी कुछ कैनोपी लगाई जाएंगी। दो सालों से कैनोपी के किराये को लेकर कारोबारी भी सवाल उठाते रहे हैं। किराया अधिक होने से प्रदर्शनी मैदान में कारोबार करने वालों ने भी सवालिया निशान लगाया था। कारोबारियों का कहना था कि प्लॉट खरीदने के बाद कैनोपी का भारी-भरकम किराया भारी पड़ रहा है। ऐसे में इस बार कैनोपी का किराया चार हजार रुपये घटाया है।
सातवें दिन मीना बाजार नीलाम
इधर, दशहरा उत्सव के लिए चल रहे प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया के सातवें दिन भी मीना बाजार के लिए नीलामी की गई। सुबह करीब साढ़े 11 बजे नीलामी प्रक्रिया शुरू हुई। कारोबारियों ने इस प्रक्रिया में भाग लेकर प्लाॅट खरीदा।