खराब मौसम के चलते नेशनल स्की प्रतियोगिता रद्द कर दी गई है। वहीं, पुलिस ने भी एहतियातन सोलंगनाला से वाहनों को निकालना शुरू कर दिया है। बर्फबारी के बीच सोलंगनाला में वाहनों के फंसने की संभावनाएं अधिक रहती हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस सतर्क हो गई है और वाहनों को निकाल रही है। रविवार रात्रि को बर्फबारी होती है तो सोमवार को सोलंगनाला की ओर वाहन नहीं भेजे जाएंगे। हालांकि रविवार को हुई बारिश के बाद यातायात बहाल है।
मौसम पर ही सोलंगनाला की तरफ आवाजाही पर निर्णय लिया जाएगा। गौर हो कि जनवरी माह में हुई बर्फबारी के दौरान सोलंगनाला में करीब 100 वाहनों में 500 से अधिक पर्यटक फंस गए थे। जिन्हें निकालने के लिए डीएसपी पुनीत रघु समेत अन्य पुलिस कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी। रातभर सोलंगनाला में ही पुलिस डटी रही थी। इससे सबक लेते हुए अब पुलिस मौसम का रुख भांपते हुए पहले ही तैयारी कर रही है। इधर, डीएसपी मनाली पुनीत रघु ने बताया कि वाहनों को सोलंगनाला से निकाला जा रहा है। मौसम को ध्यान में रखते हुए ही सोमवार को सोलंगनाला की तरफ आवाजाही का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने पर्यटकों समेत स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और बर्फबारी के बीच खतरे वाले जगहों में नहीं जाने का आग्रह किया है। स्थानीय लोग भी इसके बारे में पर्यटकों को जागरूक करें और उन्हें खतरों वाली जगह में जाने से रोकें।